बांके बिहारी मन्दिर के सेवायत की दबंगई, सिर फोड़ने के बाद दी जान से मारने की धमकी
14 February 2026, 15:16
971 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धर्मनगरी वृन्दावन में एक बार फिर मन्दिर सेवायत की दबंगई सामने आई है। राधाबल्लभ मन्दिर की सीढ़ियों के पास दर्शन के लिए खड़े एक श्रद्धालु के साथ भीड़ अधिक होने को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बांके बिहारी मन्दिर के सेवायत मनोज गोस्वामी ने आपा खोते हुए श्रद्धालु के सिर पर डंडा दे मारा। हमले में श्रद्धालु लहूलुहान हो गया।
पीड़ित केशेंद्र यादव गाजीपुर से शनिवार को सपत्नीक वृन्दावन दर्शन के लिए आए थे। आरोप है कि सिर फोड़ने के बाद भी आरोपी सेवायत ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और उसकी पत्नी की मौजूदगी के बावजूद अभद्र व फूहड़ गालियां देता रहा। यह कृत्य न सिर्फ कानून की खुलेआम अवहेलना है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना के बाद घायल श्रद्धालु सीधे थाना वृन्दावन पहुंचा। जहां एसएसआई अभय कुमार शर्मा ने तत्काल मेडिकल कराकर पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए। पुलिस ने आरोपी सेवायत को हिरासत में ले लिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना का वीडियो पास के एक दुकानदार ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे सेवायतों के व्यवहार और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल और गहरे हो गए हैं। पीड़ित ने मांग की है कि आरोपी पर कठोर धाराओं में कार्रवाई हो और मन्दिर के सेवायतों की मनमानी पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, ताकि वृन्दावन आने वाले श्रद्धालु खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।