वृंदावन थाना क्षेत्र के मथुरा गेट पुलिस चौकी इलाके में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। राजपुर निवासी मुकेश सैनी और उसका साथी श्रवण एक दंपती पर टूट पड़े। पीड़िता उमा शर्मा ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार बीते सोमवार शाम करीब 6:30 बजे मुकेश सैनी ने परीक्रमा मार्ग पर उसके पति ऋषभ शर्मा को जबरन पकड़ लिया और सरेआम जान से मारने की धमकी दी। कुछ ही देर बाद मुकेश सैनी अपने साथी श्रवण के साथ उमा शर्मा के घर पहुंचा और गेट पर लात मारकर जबरन घर में घुस गया।
आरोप है कि दबंगों ने उमा शर्मा को धक्का देकर गिरा दिया और उसके पति ऋषभ शर्मा को बेरहमी से मारते-पीटते हुए घर से बाहर घसीट ले गए। जब उमा ने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और दंपती को जान से मारने की धमकी दी।
उमा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 333, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच मथुरा गेट चौकी इंचार्ज रजत दुबे को सौंपी गई है।