पत्नी के भाई समेत छह नामजदों पर लाठी-डंडे और सरिया से पीटने का आरोप, मरणासन्न हालत में छोड़कर भागे

वृन्दावन के ओमेक्स इटरनिटी में उस समय सनसनी फैल गई, जब पत्नी और बच्चों से मिलने पहुंचे अलीगढ़ जनपद के गोंडा निवासी प्रिंस गुप्ता पर कथित रूप से लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर प्रिंस को गंभीर रूप से घायल कर मरणासन्न अवस्था में छोड़कर उसकी गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर की रात करीब पौने एक बजे की है। आरोप है कि प्रिंस की पत्नी नेहा का भाई नितिन उर्फ नीशू वाष्र्णेय निवासी छाता अपने साथियों राहुल निवासी चौमुंहा, आदित्य निवासी शक्कर सिंधी चौराहा, कृष्णा निवासी गौतमपाड़ा, हर्षित शर्मा उर्फ सोनू निवासी फल्हारी बाबा गेस्ट हाउस और शिवम शर्मा निवासी गौतमपाड़ा के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि सभी ने प्रिंस के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और सरिया से बेरहमी से मारपीट की। हमले में प्रिंस को शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि हमलावर उसे गंभीर हालत में छोड़कर उसकी कार की चाबी अपने साथ ले गए।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया। घटना के बाद घायल प्रिंस को उपचार के लिए ले जाया गया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वृन्दावन पुलिस ने प्रिंस के भाई आशीष गुप्ता की तहरीर के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

अब सवाल यह है कि आखिर आधी रात ओमेक्स इटरनिटी में इतनी संख्या में लोग क्यों पहुंचे और प्रिंस पर कथित रूप से हमला करने की नौबत कैसे आई? पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी।