वृन्दावन की रंगजी पुलिस चौकी क्षेत्र में एक जमीन को लेकर दबंगई और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पानीघाट क्षेत्र निवासी सोनिया ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ दबंग किस्म के लोग उसकी कृषि भूमि पर फर्जी तरीके से बाउंड्री वॉल कर जमीन बेचने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता सोनिया ने बताया कि वह केशव नगर निवासी केशव की उक्त कृषि भूमि पर लंबे समय से खेती करती चली आ रही है। बीते 11 दिसंबर 2025 को उसने केशव से इस जमीन को खरीदने के लिए रजिस्टर्ड इकरारनामा भी करा लिया था। इसी बात से ईर्ष्या मानकर कुछ लोग उसके खिलाफ साजिश रचने लगे। आरोप है कि 21 दिसंबर को कुछ दबंग लोग एकजुट होकर जमीन पर पहुंचे और जबरन बाउंड्री वॉल निर्माण शुरू कर दिया। जब सोनिया ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की व जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी जमीन को हड़पने और बेचने की कोशिश कर चुके हैं। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।