श्रीबांके बिहारी जी मंदिर की नगरी वृन्दावन में एक युवक पर बेहद शर्मनाक और घिनौना आरोप सामने आया है। सेवाकुंज निवासी एक युवती ने प्रिंस ठाकुर नामक युवक के खिलाफ थाना वृन्दावन में मुकदमा दर्ज कराते हुए उसे ब्लैकमेलर और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाला बताया है।
पीड़िता के अनुसार प्रिंस ठाकुर मंदिर में पंडागिरी का कार्य करता है और उसी दौरान उसकी पहचान युवती से हुई थी। आरोप है कि भरोसे का फायदा उठाते हुए प्रिंस ने युवती को एक कैफे में मिलने के लिए बुलाया और वहां चोरी-छिपे उसकी वीडियो बना ली। बाद में उसी वीडियो को हथियार बनाकर आरोपी ने युवती से एक लाख रुपये की मांग की।
युवती का कहना है कि प्रिंस ठाकुर ने खुले तौर पर धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। जब पीड़िता ने उसकी अवैध मांग मानने से इंकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर दी। जिससे युवती को मानसिक आघात और सामाजिक अपमान झेलना पड़ा।
वृन्दावन में इस तरह की हरकत से लोगों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का कृत्य न केवल कानून बल्कि आस्था दोनों को ठेस पहुंचाने वाला है।
थाना वृन्दावन के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रिंस ठाकुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जाँच एसआई शिव कुमार शर्मा को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।