विद्युत आपूर्ति पर संकट, सिचाई विभाग के जेई के खिलाफ तहरीर
12 February 2026, 22:59
393 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
विद्युत विभाग की महत्वपूर्ण 33 केवी डबल सर्किट लाइन को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में वृन्दावन विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। उपखण्ड अधिकारी संदीप वार्ष्णेय एवं अवर अभियन्ता (जेई) सुनील कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से सिचाई विभाग के अवर अभियन्ता के खिलाफ थाना जैत में मुकदमा दर्ज कराने हेतु तहरीर दी है।
विद्युत विभाग के अनुसार 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र चैतन्य बिहार, रुक्मिणी विहार एवं छटीकरा को विद्युत आपूर्ति देने वाली 33 केवी डबल सर्किट लाइन 220 केवी विद्युत उपकेन्द्र भरतिया से निर्गत होती है। बीते 9 फरवरी को 220 केवी उपकेन्द्र भरतिया से निकलकर नहर मार्ग के मध्य सिचाई विभाग के अवर अभियन्ता पवन कुमार उपाध्याय एवं उनके द्वारा कार्यरत कार्यदायी संस्था ने बिना पूर्व सूचना एवं विद्युत लाइनों को शिफ्ट कराए, गलत मंशा व घोर लापरवाही से खुदाई कर दी। इस खुदाई के चलते लगभग 10 वर्षों से संचालित विद्युत लाइनों को गंभीर क्षति पहुँची, जिससे चैतन्य विहार, रुक्मिणी विहार एवं छटीकरा बिजलीघरों से जुड़े महत्वपूर्ण मंदिरों, आश्रमों तथा हजारों उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। विभाग ने इसे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बनने वाला बताया है। विद्युत विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त लाइन एवं विद्युत पोल की मरम्मत तत्काल कराए जाने के लिए सिचाई विभाग के अवर अभियन्ता को निर्देशित किया गया था, किंतु 11 फरवरी तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। इससे विभागीय निर्देशों की खुली अवहेलना सामने आई है। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही न केवल जनहित के विरुद्ध है, बल्कि धार्मिक नगरी वृन्दावन की निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भी गंभीर खतरा है। विभाग ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।