ठाकुर बांके बिहारी जी के नाम रजिस्ट्री बनी विवाद की जड़, मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज
10 February 2026, 22:20
767 views
Crime
वृन्दावन | संजय सिंह
बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित बिहारीपुरा निवासी मंजरी शर्मा ने अपने दोनों ताऊ, ताई व उनके पुत्रों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना वृन्दावन में अभियोग पंजीकृत कराया है। पूरा मामला ठाकुर बांके बिहारी जी के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री कराए जाने से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़िता मंजरी शर्मा के अनुसार उनके पिता रविन्द्र कुमार शर्मा ने बांके बिहारी मंदिर के गेट संख्या–5 के सामने स्थित अपने मकान व दुकान की रजिस्ट्री श्री ठाकुर बांके बिहारी जी के नाम करा दी थी। आरोप है कि इसी धार्मिक भाव से की गई रजिस्ट्री को लेकर परिवार के ही सदस्य रंजिश मान बैठे और विवाद बढ़ता चला गया।
मंजरी का आरोप है कि विगत 7 फरवरी की रात करीब 11 बजे उनके ताऊ योगेश शर्मा, उनके पुत्र वैभव शर्मा, पत्नी ज्योत्सना, दूसरे ताऊ बृजेश शर्मा व उनकी पत्नी मीरा शर्मा ने एक राय होकर उनके मकान का दरवाजा तोड़ दिया और जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के साथ मारपीट करने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि तुमने ठाकुर बांके बिहारी जी के नाम रजिस्ट्री कैसे करा दी, अब हम तुम्हें ही देखेंगे। थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि मंजरी शर्मा की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक शिवकुमार शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।