ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज मंदिर में खिचड़ी महोत्सव का भव्य आयोजन
21 December 2025, 21:31
743 views
Religious
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन के गोपीनाथ बाजार स्थित प्राचीन ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज मंदिर में रविवार को खिचड़ी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज के मनोहारी दर्शनों का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मंदिर के सेवायत पंडित दाऊ दयाल शर्मा ने बताया कि यह महोत्सव ब्रज की प्राचीन परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया गया। जिसमें शीत ऋतु की भीषण ठंड में ठाकुर जी को विशेष लाड़ लड़ाने की परंपरा निभाई जाती है। इसी क्रम में ठाकुर जी को मेवा युक्त गर्म खिचड़ी का विशेष भोग अर्पित किया गया, जो सर्दियों में स्वास्थ्यवर्धक और ऊष्मा प्रदान करने वाला माना जाता है।
खिचड़ी के साथ-साथ ठाकुर श्री अग्र बिहारी महाराज को अन्य पौष्टिक एवं गर्म तासीर वाले भोग भी अर्पित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से केसर युक्त खीर, तिल से बने विभिन्न मिष्ठान्न एवं पकवान शामिल रहे, जिनका शीत ऋतु में विशेष धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व बताया गया है।
महोत्सव के दौरान ठाकुर जी का विशेष शीतकालीन श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों की मधुर धुनों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। विधि-विधान से आरती संपन्न होने के पश्चात सभी उपस्थित भक्तों को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में श्याम बिहारी शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, अंकुर शर्मा, विष्णु गुप्ता, हरि बल्लभ गुप्ता, जितेंद्र वार्ष्णेय, राधेश्याम वार्ष्णेय, चंद्रशेखर पांडे एवं पार्षद पंकज अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।