दहेज के लिए विवाहिता से बर्बरता, पति-ससुर व ननदों पर गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज
8 February 2026, 22:30
442 views
Crime
वृन्दावन | संजय सिंह
मालीपाडा मोहल्ला निवासी एक विवाहिता ने अपने पति, ससुर और दो ननदों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व जान से मारने के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी श्लोक कुमार के आदेश पर थाना वृन्दावन में अभियोग पंजीकृत कराया है।
पीड़िता के अनुसार उसका विवाह वर्ष 2022 में सूरज से तथा उसकी बहन देवी का विवाह सोनू निवासी मालीपाडा से विधिवत रूप से हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजन दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसे और उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगे। पति और ससुर आए दिन मारपीट करते थे, खाने तक से वंचित रखते थे और ताने मारते थे कि मायके से दहेज नहीं लाया गया। पीड़िता का कहना है कि समझाने के तमाम प्रयासों के बावजूद आरोपियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और दोनों बहनों को घर से निकाल दिया गया। इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी लंबित था। करीब चार माह पूर्व गांव में पंचायत के दौरान ससुरालीजनों ने अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद पीड़िता के पिता ने उन्हें दोबारा ससुराल भेजा, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी अत्याचार और बढ़ गए। विगत 2 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे पति सूरज, ससुर और दोनों ननदों ने लात-घूंसे व थप्पड़ों से बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि ननदों ने बाल पकड़कर पीड़िता को जमीन पर गिरा दिया। बचाव में आई बहन देवी के साथ भी मारपीट की गई। 3 फरवरी की रात करीब दस बजे एक बार फिर आरोपियों ने पीड़िता के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गला दबाने लगे। किसी तरह जान बचाकर पीड़िता शोर मचा सकी, जिसके बाद पड़ोसियों ने उसके पिता को सूचना दी।
4 फरवरी को जब पीड़िता के पिता परिवारजनों के साथ समझाने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और वहां से भगा दिया। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर पति सूरज, ससुर और दोनों ननदों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।