वृंदावन में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध तेज, उपभोक्ताओं ने टीम को लौटाया
6 February 2026, 22:02
787 views
Sports
वृन्दावन | संजय सिंह
प्रदेश भर में स्मार्ट मीटर के विरोध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को वृंदावन स्थित हरिवंश नगर कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय उपभोक्ताओं के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार पागल बाबा बिजली घर से जूनियर इंजीनियर रवि मौर्य अपनी टीम के साथ हरिवंश नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे। जैसे ही टीम ने मीटर बदलने की प्रक्रिया शुरू की, कॉलोनी के उपभोक्ता मौके पर एकत्र हो गए और विरोध जताया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिना उनकी अनुमति के चालू मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे। विरोध कर रहे लोगों ने सवाल उठाया कि उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर कैसे लगाए जा सकते हैं। उनका कहना था कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47/5 के तहत उपभोक्ता की सहमति के बिना किसी भी प्रकार का नया मीटर लगाया जाना नियमों के खिलाफ है।उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते बिजली बिल, तकनीकी खामियों और पारदर्शिता की कमी का भी मुद्दा उठाया। लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं और उनकी शिकायतों का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है। विरोध कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल नहीं रोका गया, तो संपूर्ण नगर के लोग एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान विद्युत विभाग की टीम को बिना मीटर लगाए वापस लौटना पड़ा। गौरतलब है कि प्रदेश के कई जिलों में स्मार्ट मीटर को लेकर पहले से ही असंतोष देखा जा रहा है और जगह-जगह उपभोक्ता इसका विरोध कर रहे हैं। वृंदावन की यह घटना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध और तेज हो सकता है।