वृंदावन में CGST का सख्त एक्शन, आर एस ज्वेलर्स पर सर्वे से हड़कंप
5 February 2026, 17:02
2085 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
सर्राफा बाजार में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब CGST और सेंट्रल एक्साइज की टीम ने शहर के नामी-गिरामी आर एस ज्वेलर्स पर अचानक धावा बोल दिया। सुबह के वक़्त हुई इस सख्त कार्रवाई से पूरा बाजार सकते में आ गया और व्यापारिक गलियारों में खलबली मच गई।
सूत्रों के अनुसार CGST और सेंट्रल एक्साइज विभाग की टीम पूरी तैयारी और रणनीति के साथ सीधे आर एस ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची और बिना समय गंवाए दुकान से लेकर ऑफिस तक एक एक करके रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई। खरीद-बिक्री के बिल, टैक्स रिटर्न, स्टॉक रजिस्टर और डिजिटल डेटा की गहन जांच की गई, जिससे साफ जाहिर हुआ कि विभाग किसी भी चूक को बख्शने के मूड में नहीं है।
बताया जा रहा है कि आर एस ज्वेलर्स को लेकर शिकायतें लंबे समय से विभाग तक पहुंच रही थीं। इन्हीं गंभीर आरोपों के आधार पर यह कड़ी कार्रवाई की गई। जैसे ही सर्वे की खबर फैली, पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। अन्य व्यापारियों में भी डर का माहौल दिखा और कई दुकानदार आनन-फानन में अपने कागजात दुरुस्त करते नजर आए। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कार्रवाई की गंभीरता ने साफ संकेत दे दिए हैं। विभागीय टीम के एक अधिकारी ने बताया कि अभी सर्वे जारी है, कुछ कहा नहीं जा सकता। वहीं, आर एस ज्वेलर्स के स्वामी शरद सर्राफ ने मामले को रूटीन फॉर्मेलिटी (Physical Verification) बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की है। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब जीएसटी विभाग बड़े नाम और प्रतिष्ठा से प्रभावित होने वाला नहीं है। नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती तय है और चाहे कारोबारी कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून की नजर से बच पाना अब मुश्किल है।