बाबा अवध दास का 89वां निकुंज लीला प्रवेश महोत्सव श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा
3 February 2026, 21:53
519 views
Religious
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन। श्रीमद् भागवत के प्रखर विद्वान एवं ब्रज संस्कृति के महान साधक बाबा अवध दास महाराज का 89वां निकुंज लीला प्रवेश महोत्सव इस वर्ष भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। ब्रज भूमि कल्याण परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की रूपरेखा तय कर ली गई है। यह आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में संपन्न होगा।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बाबा महाराज के शिष्य पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ ने बताया कि बाबा अवध दास महाराज का सम्पूर्ण जीवन ब्रज संस्कृति, श्रीमद् भागवत कथा और धर्म सेवा को समर्पित रहा। उनके आदर्शों, सिद्धांतों और स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से यह महोत्सव प्रत्येक वर्ष श्रद्धापूर्वक आयोजित किया जाता है, जिसमें संत-महंतों, भागवत आचार्यों, विद्वानों एवं नगर के प्रमुख नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहती है। उन्होंने बताया कि महोत्सव की अध्यक्षता महामंडलेश्वर राजेश्वर दास महाराज, पीठाधीश्वर श्री सनातन धर्म मंदिर दिल्ली करेंगे। कार्यक्रम में भक्ति वेदांत मधुसूदन महाराज, उत्तर प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा (इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग), एडीजी आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, पुष्टि मार्गीय दीपक बल्लभ गोस्वामी, विधायक श्रीकांत शर्मा, नगर निगम के मेयर विनोद अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट संत, धर्माचार्य एवं जनप्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। महोत्सव के अंतर्गत प्रातःकाल बाबा महाराज के चित्रपट का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं वंदन किया जाएगा। पूर्वाह्न में सामूहिक ‘हरिनाम संकीर्तन’ का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आएंगे। दोपहर में विद्वत संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें ब्रज के प्रख्यात विद्वान बाबा महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार व्यक्त करेंगे। सायंकाल रासलीला एवं भजन संध्या का आयोजन होगा, जो भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर करेगा। पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ एवं ब्रज भूमि कल्याण परिषद के सदस्यों ने समस्त ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाएं। प्रेस वार्ता में महंत रामदास महाराज, प्रोफेसर राम शर्मा, बालो पंडित, दीपक राघव, अंकित कृष्ण महाराज, बालकृष्ण, दीपक कृष्ण शास्त्री सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।