संरक्षण गृह की घोर लापरवाही उजागर, कंबल के सहारे फरार हुईं पांच बालिकाएं
27 January 2026, 14:12
624 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
वृंदावन थाना क्षेत्र के चैतन्य बिहार स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह की गंभीर लापरवाही सोमवार देर रात सामने आई, जब वहां रह रही पांच बालिकाएं सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गईं। घटना के बाद संरक्षण गृह में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे बालिकाएं अचानक गायब पाई गईं। हैरानी की बात यह रही कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब काफी देर बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तब सामने आया कि बालिकाएं कंबलों के सहारे बाहर निकल गईं। इससे स्पष्ट है कि न तो निगरानी सही थी और न ही रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी। घटना की सूचना संरक्षण गृह के कर्मचारियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस विभाग में भी खलबली मच गई। पुलिस कप्तान श्लोक कुमार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने घर पहुंची दो बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। सदन प्रभारी गायत्री मिश्रा ने बताया कि बालिकाओं के अचानक गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। हालांकि सवाल यह उठता है कि इतनी संवेदनशील जगह पर बालिकाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने में कर्मचारी पूरी तरह विफल क्यों रहे। बाल संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दे पर इस तरह की लापरवाही न सिर्फ नियमों की अनदेखी है, बल्कि बालिकाओं की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में दोषी कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।