सत्यादेवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
26 January 2026, 22:18
594 views
General
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन स्थित सत्यादेवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। ध्वजारोहण विद्यालय के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश द्विवेदी एवं प्रबंधक डॉ. राकेश सारस्वत ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिन्होंने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 8 की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद एलकेजी व यूकेजी के नन्हे बच्चों ने “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की” पर नृत्य कर देश की विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया।
कक्षा 3 के बच्चों की प्रस्तुति “हिन्दू जगाने आए हैं” ने राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया। कक्षा 2 की छात्रा प्रांचल शर्मा ने “जागो तो हिन्दू एक बार जागो” कविता सुनाकर तालियां बटोरीं। कक्षा 11 की हिमांशी शर्मा की “मैं स्त्री हूं” कविता ने नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कक्षा 5 के छात्रों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर विषय पर “तेरी मिट्टी में मिल जावां” गीत पर सामूहिक नृत्य ने सभी को भावुक कर दिया। वहीं कक्षा 11 की याचना शर्मा ने संविधान पर प्रभावशाली भाषण देते हुए उसे जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में हास्य का रंग भरते हुए कक्षा 5 के छात्रों ने गुरु-चेला हास्य नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब हंसाया। कक्षा 2 की छात्रा ने “मुझे इस दुनिया में जो लाया” कविता गाकर माता-पिता के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
देशभक्ति गीतों पर कक्षा 5 के छात्रों का “सुनो गौर से दुनिया वालों” तथा कक्षा 7 की छात्राओं का “आरंभ है प्रचंड” नृत्य विशेष आकर्षण रहा। छात्रा जहान्वी ने वीर रस कविता और मोहित ने कारगिल युद्ध पर कविता प्रस्तुत कर शौर्य भाव जगाया।
कक्षा 7 के छात्रों का “योद्धा बन गई मैं” तथा कक्षा 6 के छात्रों की “छावा” फिल्म पर आधारित नृत्य-नाटिका ने मंच को जीवंत कर दिया। अंत में कक्षा 4 के बच्चों की प्रस्तुति “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा” ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन दीपमाला श्रीवास्तव एवं सागर ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर आरएसएस के जिला प्रचारक कुश अवतार, नगर प्रचारक कृष्ण कांत, सदर खंड के प्रचारक अंकित, डॉ सतीश राजपूत, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नवल, प्रमोद शर्मा, बलबीर सिंह, राजकिशोर सिंह, प्रदीप, सोनिया सारस्वत, पूनम दास, कुसुम गौतम, सुधा, रुपेश शर्मा, ज्योति, अर्चना, महावीर, धर्मेन्द्र, अशोक, रंगवीर समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।