प्रयागराज घटना पर भड़के बांके बिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी, प्रशासन के खिलाफ जताया कड़ा विरोध
24 January 2026, 16:29
902 views
General
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने प्रयागराज में स्नान के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज और बटुकों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस मुद्दे को लेकर शनिवार को वृन्दावन के एक गेस्ट हाउस में सेवायत गोस्वामियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी ने एक स्वर में प्रशासन की कार्रवाई की निंदा की।
बैठक में सेवायत गोस्वामियों ने कहा कि सनातन परंपरा के प्रमुख संत शंकराचार्य के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। गोस्वामियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह केवल एक संत का अपमान नहीं, बल्कि सम्पूर्ण सनातन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। सेवायतों ने बैठक में यह भी निर्णय लिया कि जल्द ही वृन्दावन से गोस्वामियों का एक प्रतिनिधि मंडल प्रयागराज जाकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज से भेंट करेगा और उन्हें पूर्ण समर्थन देगा। बैठक में हिमांशु गोस्वामी, रजत गोस्वामी, देव गोस्वामी, शैलेंद्र गोस्वामी, गोपीनाथ गोस्वामी, मयूर गोस्वामी, संतु गोस्वामी, गौरव गोस्वामी, आशीष गोस्वामी, बंटू गोस्वामी, शालू गोस्वामी, आदित्य गोस्वामी, दीपक पाराशर सहित बड़ी संख्या में सेवायत गोस्वामी उपस्थित रहे। सेवायत गोस्वामियों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे और व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जा सकता है। यह बैठक न केवल विरोध का प्रतीक बनी, बल्कि संत समाज के सम्मान और एकजुटता का भी सशक्त संदेश देकर समाप्त हुई।