नाबालिग की किडनी गायब होने का आरोप, केडी मेडिकल कॉलेज मथुरा के डायरेक्टर व 7 डॉक्टरों पर मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
18 December 2025, 15:26
3375 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
डीग निवासी भीम सिंह ने कोर्ट के आदेश पर मथुरा स्थित कान्ता देवी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, उसके डायरेक्टर एवं सात चिकित्सकों के खिलाफ मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम के तहत थाना छाता में अभियोग पंजीकृत कराया है। मामला नाबालिग बच्चे के ऑपरेशन के दौरान कथित रूप से किडनी निकाल लिए जाने से जुड़ा है।
प्रार्थी भीम सिंह के अनुसार उनके करीब डेढ़ वर्ष के पुत्र मयंक के पेट में दर्द की शिकायत पर पहले मथुरा के डॉक्टर पी.के. गुप्ता को दिखाया गया। सीटी स्कैन में पेट में गांठ पाए जाने पर बच्चे को बेहतर इलाज हेतु केडी हॉस्पिटल मथुरा ले जाने की सलाह दी गई।
केडी हॉस्पिटल में सर्जन डॉ. श्यामबिहारी शर्मा को रिपोर्ट दिखाने के बाद कुछ जांचें कराई गईं, जिनमें एक जांच अस्पताल द्वारा बाहर से कराई गई। सभी रिपोर्ट देखने के बाद 31 मई 2024 को नाबालिग मयंक का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने पेट से गांठ निकालने और बच्चे के पूरी तरह स्वस्थ होने की बात कही।
लेकिन कुछ माह बाद बच्चे के पेट में फिर दर्द और बेचैनी शुरू हो गई। 2 फरवरी 2025 को अलवर के एक निजी अस्पताल में जांच कराने पर अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में बच्चे की बाईं किडनी नहीं होने की बात सामने आई। संदेह होने पर 10 फरवरी 2025 को जयपुर स्थित जेके लोन अस्पताल में पुनः सोनोग्राफी कराई गई, जहां डॉक्टरों ने भी बच्चे की बाईं किडनी के अभाव की पुष्टि की और संक्रमण की बात कही।
प्रार्थी का आरोप है कि जब वह 21 फरवरी 2025 को केडी हॉस्पिटल मथुरा जाकर डॉ. श्यामबिहारी शर्मा से मिले और जयपुर की रिपोर्ट दिखाई, तो डॉक्टर ने गोलमोल जवाब दिया। साथ गए व्यक्ति द्वारा सवाल उठाने पर डॉक्टर कथित रूप से नाराज हो गए और बच्चे की किडनी के बारे में अनभिज्ञता जताते हुए उन्हें अस्पताल से भगा दिया।
भीम सिंह का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान मानव अंग तस्करी के उद्देश्य से उनके नाबालिग पुत्र की बाईं किडनी निकाल ली गई, जिसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई।
कोर्ट के आदेश पर थाना छाता में केडी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, उसके डायरेक्टर तथा सात डॉक्टरों के खिलाफ मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।