SGFI राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में परमेश्वरी धानुका विद्यालय का परचम, खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
12 January 2026, 10:23
521 views
Sports
None | Exclusive Bulletin
लुधियाना में आयोजित 69वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में वृन्दावन स्थित परमेश्वरी धानुका विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता में परमेश्वरी धानुका विद्यालय के छात्र प्रशांत कुमार पांडे ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए 45 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरव दिलाया। वहीं विद्यालय के ही खिलाड़ी शिवराज सिंह ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक से बहुत ही कम अंतर से चूकते हुए भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इन उपलब्धियों से परमेश्वरी धानुका विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि परमेश्वरी धानुका विद्यालय न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि खेल जगत में भी निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद्मनाभ गोस्वामी, प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा सहित समस्त विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक रविंद्र को शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि परमेश्वरी धानुका विद्यालय के ये होनहार खिलाड़ी अपने निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करेंगे तथा विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन करते रहेंगे।