श्री वृंदावन धाम बिजलीघर के लिए नई 33 केवी लाइन का शुभारंभ
31 December 2025, 21:44
804 views
General
None | Exclusive Bulletin
वृंदावन पागल बाबा बिजलीघर परिसर में बने नये श्री वृंदावन धाम बिजलीघर के लिए बुधवार शाम नई 33 केवी बिजली लाइन का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच लाइन का उद्घाटन किया।
इस नई लाइन के चालू होने से श्री वृंदावन धाम बिजलीघर को अब बिजली आपूर्ति के तीन स्रोत उपलब्ध हो गए हैं। बिजलीघर क्षेत्र में करीब पांच हजार उपभोक्ता जुड़े हुए हैं, जिन्हें अब पहले से बेहतर और अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। किसी एक लाइन में ब्रेकडाउन की स्थिति में तुरंत दूसरी लाइन से सप्लाई जोड़ी जा सकेगी, जिससे बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक कम होगी।
इसके साथ ही चौमुहां की लाइन से भी बिजली आपूर्ति जोड़े जाने की व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि अभी तक यह बिजलीघर केवल चौमुहां लाइन से ही संचालित हो रहा था।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (शहरी) मुदित तिवारी, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार कपिल, अवर अभियंता रवि मौर्या और पिंकू चौधरी सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिशासी अभियंता वृंदावन अनिल कुमार कपिल ने बताया कि श्री वृंदावन धाम बिजलीघर के लिए अब तीन सप्लाई स्रोत उपलब्ध हो गए हैं और क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए सुधार कार्य लगातार जारी हैं।