वृन्दावन में नववर्ष के मद्देनज़र सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का आलाधिकारीयों ने लिया जायजा
30 December 2025, 22:37
623 views
General
None | Exclusive Bulletin
आगामी नववर्ष 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मण्डलायुक्त आगरा शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उप-महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पाण्डेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से वृन्दावन स्थित श्री बांके बिहारी जी मंदिर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पैदल गश्त की।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग, भीड़ प्रबंधन स्थलों तथा प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और पुलिस बल की तैनाती की गहन समीक्षा की। साथ ही कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर वहां से होने वाली निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नववर्ष के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा का सामना न करना पड़े। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात के सुचारू संचालन हेतु वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था, तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।आलाधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही उन्होंने कहा कि लगातार निगरानी, पैदल गश्त और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से नववर्ष के दौरान वृन्दावन आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।