गोविंद बाग निवासी गिर्राज शर्मा उर्फ लालू पर गोविंद घाट पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में थाना वृन्दावन पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित गिर्राज शर्मा के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे वह यमुना जी के दर्शन करने के बाद गोविंद घाट पर बैठा हुआ था। आरोप है कि तभी जयसिंह घेरा नंद महल निवासी श्रीकांत शर्मा उर्फ हेमू मुखिया शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान हेमू मुखिया ने जान से मारने की नीयत से लोहे के पाइप से गिर्राज के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोप है कि हेमू मुखिया के साथ आए राजेश, बड्डे, भोला तथा अन्य लोगों ने भी पीड़ित पर हमला किया और जान से मारने की नीयत से मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना वृन्दावन पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।