गौरानगर कॉलोनी निवासी नन्दकिशोर उर्फ नंदू ठाकुर ने थाना वृन्दावन में तहरीर देकर गौतम पाड़ा निवासी फौजी और उसके एक अज्ञात साथी पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से दो राउंड फायर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे गौरानगर कॉलोनी में उसके मित्र राम का बाइक टकराने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया था। नंदू का कहना है कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामला शांत कराया। आरोप है कि उस समय आरोपी पक्ष जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर चला गया।
नंदू ठाकुर का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ उसकी दुकान के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के अनुसार, जब वह अपनी जान बचाने के लिए दुकान से घर की ओर भागा तो उस पर तमंचे से दो राउंड फायर किए गए। गनीमत रही गोली उसकी थार गाड़ी के शीशे पर लगी। शिकायतकर्ता का दावा है कि वह बाल-बाल बच गया, जबकि गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। आरोप है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार बीती 3 दिसंबर 2024 को किशोरपुरा निवासी हर्ष गौतम ने फौजी और उसके अन्य साथियों के विरुद्ध घर में घुसकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके अलावा, वर्ष 2023 में तत्कालीन केशव धाम पुलिस चौकी प्रभारी कपिल नागर द्वारा फौजी के कब्जे से कथित रूप से 160 ग्राम नशीला पाउडर बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल दोनों ही मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, अंतिम निर्णय होना अभी शेष है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।