समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बलिया से सांसद तथा आगामी 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होने वाले ब्राह्मण सम्मेलन के प्रभारी सनातन पांडेय ने गुरुवार को विश्वविख्यात ठाकुर श्री बाँके बिहारी जी महाराज के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सम्मेलन की सफलता और प्रदेश में शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

मंदिर दर्शन के बाद सनातन पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी 5 अगस्त को लखनऊ में जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित कर रही है। उनके अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य ब्राह्मण समाज के साथ संवाद स्थापित करना और उनकी भागीदारी को लेकर चर्चा करना है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल होंगे।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार, महानगर अध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय, महानगर सचिव भुल्लू कुरैशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दल अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी का यह प्रस्तावित ब्राह्मण सम्मेलन भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि सम्मेलन के प्रभाव और राजनीतिक परिणामों का आकलन आने वाले समय में ही स्पष्ट हो सकेगा।