समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे पर्यावरण सप्ताह के तहत मंगलवार को वृंदावन के गांधी पार्क में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपे।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव अशोक कुमार (युवजन सभा) और महानगर प्रमुख महासचिव प्रहलाद यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल राजनीतिक संघर्ष ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी अपनी प्राथमिकता मानती है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

महानगर अध्यक्ष अंकित वाष्णेय, महानगर सचिव विनय ठाकुर और भुल्लू कुरैशी ने संयुक्त रूप से कहा कि समाजवादी पार्टी विकास और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वृंदावन के रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना करते हुए उनके समाजवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के अभियान को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वल्लभ भाई कुशवाहा, मुस्तफा आलम, आजाद कुरेशी, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद सलीम खान, भूरा कुरेशी, नरेंद्र शर्मा, दिनेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।