वृन्दावन के दुसायत निवासी लखन सैनी की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। उसके खिलाफ थाना वृन्दावन में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी का एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि इससे पहले 25 जून को भी दुसायत निवासी राहुल की तहरीर पर लखन सैनी के खिलाफ एक अन्य अभियोग दर्ज हुआ था।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, सुनरख निवासी पुनीत गौतम ने आरोप लगाया है कि 6 जून की शाम वह दुसायत स्थित तुषार ठाकुर की दुकान पर पोशाक लेने गया था। इसी दौरान मुकुट सैनी, लखन सैनी और राम सैनी वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि जाते-जाते उसे धमकी दी गई कि यदि दोबारा इलाके में दिखाई दिया तो जान से मार दिया जाएगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई शिवकुमार शर्मा को सौंप दी है।
लखन सैनी का नाम इससे पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार, वर्ष 2019 में चीनी महिला से लूट, नितेश के साथ चोरी और मुन्नी के घर में घुसकर तोड़फोड़ जैसे मामलों में उसका नाम जुड़ा। वर्ष 2020 में योगेश कुमार के घर में घुसकर मारपीट का मामला, तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे द्वारा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा वर्ष 2022 में तत्कालीन मथुरा गेट पुलिस चौकी प्रभारी दुष्यंत कौशिक ने छात्रों के साथ मारपीट और धमकी के मामले में एक अभियोग दर्ज कराया था। हालांकि, यह भी सामने आया है कि इनमें से कुछ पुराने मामलों का न्यायालय में निस्तारण हो चुका है।
लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों ने बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित पुनीत का आरोप है कि आरोपी और उसके साथी गैंग बनाकर लोगों में भय का माहौल पैदा करते हैं। अब देखना होगा कि ताज़ा मामले की पुलिस जांच किन तथ्यों तक पहुंचती है और आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।