थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में जेपी इंटरप्राइजेज के सैल्समैन से हुई 10 लाख 70 हजार रुपये की कथित लूट का सनसनीखेज खुलासा किया गया है। पुलिस ने घटना में शामिल सैल्समैन कमीशन एजेंट विजय कुमार और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार बीती 22 जून को थाना हाईवे क्षेत्र में जेपी इंटरप्राइजेज आजमपुर के सैल्समैन विजय कुमार के साथ लूट की सूचना दी गई थी। कंपनी मालिक जगदीश प्रसाद गौतम की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।

जांच में सामने आया कि जिस सैल्समैन ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही पूरी घटना का मुख्य साजिशकर्ता निकला। पुलिस पूछताछ में विजय कुमार ने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। प्लॉट खरीदने के लिए उसने कंपनी के पैसों को गायब कर लूट की झूठी कहानी रची और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

पुलिस ने थाना रिफाइनरी क्षेत्र स्थित काशीराम आवास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लूट की शत-प्रतिशत रकम 10 लाख 70 हजार रुपये बरामद कर ली। मामले में बीएनएस की धाराओं 316(4), 318, 61(2), 217 और 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खुलासे में हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की अहम भूमिका

इस बड़ी कार्रवाई में थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक प्रशान्त कपिल, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा, एसआई रोहन कुचालिया, सौरभ तेवतिया, मुख्य आरक्षी अरविन्द कुमार, रिषभ कुमार, रमेश चन्द्र, सतेन्द्र दूबे, आरक्षी सूरजपाल और महिला आरक्षी सोनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का पर्दाफाश महज कुछ ही समय में कर दिया गया, जिससे पुलिस की जांच और टीमवर्क की जमकर सराहना हो रही है।