शराब-सिगरेट लाने से इनकार पर धमकी का आरोप, गैंगस्टर समेत कई मुकदमों में नामजद ऋषभ पर गंभीर आरोप

राधानिवास के उल्लू बाग क्षेत्र में कथित दबंगई और दहशत फैलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक नाबालिग द्वारा शराब और सिगरेट लाने से इनकार करना कथित रूप से दबंगों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया।

क्षेत्र निवासी महावीर ने थाना वृन्दावन में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि ऋषभ खान और अमन कुरैशी ने उसके 16 वर्षीय पुत्र प्रीत उर्फ बोनी से शराब और सिगरेट खरीदकर लाने को कहा था। नाबालिग द्वारा मना करने पर उसे कथित तौर पर धमकी दी गई कि उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।

शिकायत के मुताबिक अगले ही दिन 16 जून की रात करीब 9 बजे ऋषभ खान अपने 15-16 साथियों के साथ महावीर के घर पहुंच गया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए खुलेआम धमकियां दीं और कहा कि उनके आदेश को न मानने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद हथियारों के साथ आए युवकों ने बस्ती में भय का माहौल पैदा करने के लिए करीब 8-10 राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण घरों में कैद हो गए। आरोप है कि आरोपी हथियार लहराते हुए लोगों को धमकाते रहे।

घटना की सूचना पड़ोसी सुमन ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना वृन्दावन में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच मथुरा गेट चौकी प्रभारी अरुण त्यागी को सौंपी गई है।

गौरतलब है कि शिकायत में नामजद ऋषभ खान पर पहले से गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामलों का उल्लेख किया गया है। अब पुलिस जांच में यह साफ होगा कि फायरिंग और धमकी के लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।