उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से संगठनात्मक मजबूती पर काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महानगर अध्यक्ष रितु गोयल ने वृन्दावन के सक्रिय नेताओं विनय ठाकुर एवं भुल्लू कुरैशी को महानगर सचिव नियुक्त किया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति केवल संगठनात्मक विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का भी हिस्सा है। पार्टी नेतृत्व ऐसे चेहरों को आगे बढ़ा रहा है, जिनकी स्थानीय स्तर पर सक्रियता और विभिन्न वर्गों में अच्छी पकड़ मानी जाती है।
विनय ठाकुर लंबे समय से क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं और युवाओं तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पहचान है। वहीं भुल्लू कुरैशी भी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और विभिन्न समाजों के बीच संवाद स्थापित करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। दोनों नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
नियुक्ति के बाद दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को अधिक से अधिक मजबूत करना और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाना रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने का भरोसा जताया।
महानगर अध्यक्ष रितु गोयल ने कहा कि 2027 के चुनाव को देखते हुए संगठन में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। पार्टी का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड और बूथ तक मजबूत संगठन खड़ा करना है, ताकि जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।