गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, वृन्दावन में हुई बैठक
28 May 2026, 22:46
549 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
देशभर में गौ हत्या बंदी को लेकर केंद्रीय कानून बनाए जाने, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने, गोचर भूमि को मुक्त कराने तथा भारत को जहरीली खेती एवं गंभीर रोगों से मुक्त करने हेतु गौ आधारित कृषि, चिकित्सा, शिक्षा एवं अर्थव्यवस्था की स्थापना जैसी विभिन्न मांगों को लेकर संतों के मार्गदर्शन में चल रहे “गौ सम्मान आह्वान अभियान” का दूसरा चरण प्रारंभ हो गया है।
अभियान के तहत पूरे भारत में आम जनता को जोड़ते हुए बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञात हो कि बीते 27 अप्रैल को अभियान का प्रथम चरण पूर्ण हुआ था, जिसमें देश की 5000 से अधिक तहसीलों से 5.5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर एकत्र कर माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यों के राज्यपालों एवं मुख्यमंत्रियों को तहसीलों के माध्यम से प्रार्थना पत्र सौंपे गए थे।
अब अभियान के दूसरे चरण में देश के प्रत्येक जिले से 5 लाख हस्ताक्षर एकत्र कर जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार तक मांगों को पहुंचाया जाएगा। इसी क्रम में पूरे उत्तर प्रदेश राज्य का कार्यकारिणी कार्यालय मथुरा जिले में स्थापित किया गया है।
इस बार गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के राज्य प्रभारी का दायित्व माता जी गोशाला मान मंदिर के महासचिव ब्रजदास महाराज को सौंपा गया है। बुधवार को मथुरा जिले में स्थापित राज्य कार्यालय पर एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया, जो गोपेश बाबा महाराज के संरक्षण में सम्पन्न हुई। बैठक में मथुरा जिले की लगभग सभी गौरक्षक टीमें एवं गोसेवक संस्थाएं शामिल हुईं। इस अवसर पर राज्य प्रभारी ब्रजदास महाराज ने बताया कि मथुरा जिले में पूरे उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से अधिक, कुल 11 लाख हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से श्रीकृष्ण जन्मभूमि के अध्यक्ष गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी को मथुरा जिले का मुख्य दायित्व सौंपा गया। राज्य प्रभारी के प्रयासों से अब तक मथुरा जिले में 2 लाख से अधिक लोग गौ हत्या बंदी के समर्थन में हस्ताक्षर कर चुके हैं। बैठक में मथुरा इकाई का गठन भी कर दिया गया। उपस्थित सभी गोसेवकों एवं गौरक्षकों ने शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ेंगे। इस अवसर पर गोपेश बाबा, राज्य प्रभारी ब्रजदास महाराज, जिला प्रभारी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, बाबा जुगल दास, स्वामी सर्वेश्वरी शरण, बवंडर बाबा, भरत गौतम, पंकज ठाकुर, विकास पंडित, डॉ. गोविंद सिंह, श्रेरेश हिंदू, लखन ठाकुर, केशव दास सहित मथुरा के सैकड़ों गोसेवक उपस्थित रहे।