केशीघाट से पकड़ी गईं संदिग्ध महिलाएं भेजी गईं जेल, चोरी का मंगलसूत्र बरामद
28 May 2026, 21:54
478 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
वृन्दावन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर थाना वृन्दावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केशीघाट क्षेत्र से पकड़ी गई आधा दर्जन संदिग्ध महिलाओं को न्यायालय में पेश कर दिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी महिलाओं के कब्जे से करीब दो माह पूर्व एक महिला के गले से तोड़ा गया मंगलसूत्र भी बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार बीते दिन पूर्व केशीघाट क्षेत्र में घूम रही आधा दर्जन संदिग्ध महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़कर थाना वृन्दावन पुलिस के सुपुर्द किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिलाओं से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें एक चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वह मंगलसूत्र बरामद किया, जिसे करीब दो माह पूर्व केशीघाट पर एक महिला के गले से झपटकर चोरी किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं पलवल क्षेत्र की बाबरिया समुदाय से जुड़ी बताई जा रही हैं। थाना वृन्दावन पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आज उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।