वृन्दावन में सैलून कर्मी पर हमला, तमंचे की बट से मारपीट का आरोप
14 May 2026, 22:12
1394 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
कैलाश नगर क्षेत्र में बाल काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। पुष्प बिहार कॉलोनी निवासी ओमहरी ने थाना वृन्दावन में चार युवकों के खिलाफ नामजद अभियोग दर्ज कराया है। आरोपियों पर मारपीट, अवैध हथियार से डराने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित ओमहरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कैलाश नगर स्थित एक सैलून पर हेयर कटिंग का काम सीखता है। बीती 11 मई को संतोष निवासी कैलाश नगर, आशीष उर्फ छोटे, कृष्णा और कान्हा निवासी अक्रूर बाल कटवाने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। ओमहरी द्वारा नम्बर आने पर बाल काटने की बात कहने पर आरोपी भड़क गए और उसे कैलाश नगर चौराहे पर देख लेने की धमकी देने लगे। आरोप है कि रात्रि करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय कैलाश नगर चौराहे पर चारों आरोपियों ने ओमहरी को रोक लिया और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। ओमहरी ने सैलून मालिक गब्बर को मौके पर बुला लिया। गब्बर ने बीच-बचाव का काफ़ी प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने ओमहरी और गब्बर पर लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से हमला कर दिया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान संतोष ने तमंचे की बट से ओमहरी के सिर के पीछे वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और कहा कि तुम्हें कैलाश नगर में काम नहीं करने देंगे। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना से पहले इंस्टाग्राम पर भी उसे धमकियां दी गई थीं। साथ ही संतोष द्वारा एससी एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की बात भी कही है। पुलिस ने ओमहरी की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।