वृन्दावन में मां-बेटी लापता, रो-रोकर बेहाल हुआ परिवार
14 May 2026, 14:41
859 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धर्म नगरी वृन्दावन में दर्शन करने आया एक परिवार उस वक्त दर्द और बेबसी में डूब गया, जब परिवार की बहू और मासूम बच्ची अचानक लापता हो गईं। मुजफ्फरनगर निवासी निर्मिता देवी ने थाना वृन्दावन में अपनी 22 वर्षीय बहू करीना और 6 वर्षीय पोती दिव्यांशी की गुमशुदगी की तहरीर देकर उन्हें तलाशने की गुहार लगाई है। बताया गया है कि परिवार बीती 13 मई को वृन्दावन घूमने आया था और गौरी गोपाल के निकट एक गेस्ट आश्रम में रुका हुआ था। गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे करीना अपनी मासूम बेटी दिव्यांशी को साथ लेकर आश्रम के बाहर दूध लेने गई थी। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी दोनों वापस नहीं लौटीं। सुबह जब परिवार की आंख खुली और दोनों का कहीं पता नहीं चला तो हड़कंप मच गया। परिजनों ने पहले आश्रम के आसपास हर गली और दुकान पर तलाश की। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को फोन किए, लेकिन मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिला। मां निर्मिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बस मेरी बहू और पोती सही सलामत मिल जाएं। परिवार के लोग लगातार मंदिरों, गलियों और आसपास के इलाकों में दोनों को खोज रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना वृन्दावन पुलिस ने तहरीर के आधार पर तलाश शुरू कर दी है। अब पूरा परिवार एक उम्मीद के सहारे बैठा है कि जल्द ही उनकी बहू और मासूम बच्ची सकुशल घर लौट आएंगी।