वृन्दावन में मंदिर संपत्ति विवाद में 9 नामजद समेत अज्ञातों पर केस दर्ज
19 April 2026, 15:23
1390 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृन्दावन में मंदिर संपत्ति को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। सिंधिया देव स्थान रोड स्थित राधा गोपाल मंदिर के पुजारी संजय चौबे ने 9 नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना वृन्दावन में गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुजारी संजय का आरोप है कि जब वे ट्रस्ट के अन्य सदस्यों के साथ मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे, उसी दौरान मंदिर भवन में कथित रूप से अवैध कब्जा कर रह रहे विकाश गौड, मनमोहन गौड, मोतीलाल गौड, राजकुमार, शरद कुलश्रेष्ठ, राम कुलश्रेष्ठ, मीना गोस्वामी, दीपक गोस्वामी और विपिन सहित उनके परिजनों ने विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि ट्रस्ट की संपत्ति खाली करने का विनम्र अनुरोध करने पर इन लोगों ने न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि पुजारी को जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने फर्जी छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर दबाव बनाने की भी कोशिश की। पुजारी का कहना है कि यह पूरा मामला ट्रस्ट की संपत्ति को षड्यंत्र के तहत हड़पने की नीयत से किया जा रहा है और लंबे समय से अवैध कब्जा बनाए रखने की कोशिश हो रही है। वहीं, थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला वृन्दावन में मंदिर संपत्तियों पर कब्जे को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।