वृन्दावन में दर्दनाक हादसा : यमुना में पलटा श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर, राहत-बचाव में जुटे गोताखोर व आर्मी टीम
10 April 2026, 18:55
1518 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
वृन्दावन स्थित केशीघाट पर यमुना में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलटकर यमुना में डूब गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 25 श्रद्धालु श्रृंगार घाट से स्टीमर में सवार हुए थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के चलते स्टीमर पौनटून पुल के निकट पलट गया और सभी यात्री यमुना में गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शी भूप सिंह के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से अब तक करीब 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 10 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत की पुष्टि हुई है। अभी भी 4-5 लोगों की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय और जिलाधिकारी सीपी सिंह तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। भारतीय सेना की टीम मथुरा से मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम गाजियाबाद से रवाना होकर शीघ्र ही वृन्दावन पहुंच रही है। SDRF कि टीम मौके पर पहुँच चुकी है। स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। स्थानीय नागरिक भी मानवता का परिचय देते हुए बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा यमुना में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है ताकि लापता श्रद्धालुओं का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्टीमर में सवार सभी श्रद्धालु लुधियाना के रहने वाले थे, जो वृन्दावन दर्शन के लिए आए थे। राहत बचाव कार्य के बाद प्रशासन ने स्टीमर संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के आदेश की भी बात कही है। देर शाम केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और विधायक राजेश चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। रात्रि में भी आलाधिकारी बचाव व राहत टीमों की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद रहे। यह हादसा एक बार फिर यमुना में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल, सभी की नजरें राहत और बचाव कार्य पर टिकी हैं, जहां हर संभव प्रयास कर लोगों की जान बचाने की कोशिश जारी है।