वृंदावन में मकान हड़पने की साजिश का खुलासा, आधा दर्जन आरोपी नामजद
3 April 2026, 16:50
1251 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
मथुरा गेट पुलिस चौकी क्षेत्र से धोखाधड़ी और जालसाजी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मकान हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पीड़ित बबलू कुरैशी ने थाना वृंदावन में मुकदमा दर्ज कराया है। यह कार्रवाई एसएसपी श्लोक कुमार के आदेश पर की गई है। पीड़ित बबलू कुरैशी के अनुसार मथुरा दरवाजा स्थित मकान में वर्ष 2014 में उन्होंने अपने दूर के रिश्तेदार बसीर को रहने की अनुमति दी थी। लेकिन समय के साथ बसीर की नीयत में खोट नजर आने लगा, जिसके चलते बबलू ने उसे मकान खाली करने को कहा। वर्ष 2018 में बसीर ने मकान खाली भी कर दिया था। आरोप है कि बसीर के बेटे रहीश निवासी मथुरा ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी करते हुए 4 अक्टूबर को बबलू के मकान का फर्जी बैनामा कर दिया। इस फर्जीवाड़े में उसने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मकान को कासिम निवासी मथुरा दरवाजा के नाम दर्ज करा दिया। रहीश– साजिश का मुख्य आरोपी, जिसने फर्जी बैनामा कराया, कासिम– फर्जी तरीके से संपत्ति अपने नाम कराने वाला, मोनिस निवासी मथुरा– जालसाजी में सहयोगी, साजिद निवासी नई बस्ती, मथुरा– दस्तावेजी हेरफेर में शामिल, ईशुव कासिम का पिता– साजिश में सक्रिय भूमिका बताई गई है।
पीड़ित का आरोप है कि इन सभी ने मिलकर आपराधिक षड़यंत्र रचते हुए फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसकी संपत्ति हड़पने की कोशिश की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना वृंदावन पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि इस सुनियोजित साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और पुलिस जांच में क्या नए खुलासे होते हैं।