राम मंदिर में श्रीराम नवमी पर महाभिषेक और शोभायात्रा का आयोजन
27 March 2026, 22:10
706 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
राम नवमी के अवसर पर अटल्ला चुंगी स्थित राम मंदिर में प्रभु श्रीराम का महाभिषेक एवं शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर महामंडलेश्वर साध्वी ध्यानमूर्ति ने बताया कि हम सभी के आराध्य प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि इसी पर्व के दिन अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का शुभ अवसर भी आया था, जो सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महंत मोहिनी बिहारी शरण ने बताया कि प्रभु श्रीराम के अवतरण दिवस एवं धर्म रक्षा संघ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नगर में शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर अटल्ला चुंगी, गोरेदाऊ जी तिराहा होते हुए गोपाल खार स्थित श्रीराधा प्रसाद धाम तक पहुंची। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए जय श्रीराम के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा नगर भक्तिरस में सराबोर हो गया। इस दौरान आचार्य बद्रीश, हरिओम शास्त्री, श्रीदास प्रजापति, महामंडलेश्वर स्वामी राधाप्रसाद देवजू महाराज, आचार्य अनमोल कृष्ण, राधानंद गिरी, हरिओम शास्त्री, विकास पंडित, सचिन चौधरी, भगवाताचार्य साध्वी हरि वर्षा कौशल, सुषमा अग्रवाल, शशि शुक्ला, गीता सिंह, डॉ. हरिहरानंद, घनश्याम सिंह, मुकेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।