राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रेम मंदिर में किए दर्शन, भक्ति में डूबी नज़र आईं महामहिम
20 March 2026, 07:28
963 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
द्रौपदी मुर्मु ने अपने वृंदावन प्रवास के दौरान प्रेम मंदिर में पहुंचकर श्रीराधा-कृष्ण के दर्शन किए। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित रहीं।
महामहिम राष्ट्रपति का मंदिर परिसर में प्रवेश भोग घर द्वार से हुआ, जहां अजय त्रिपाठी, दीपक भरेजा, गुरुराज राव तथा डॉ. सुपर्णा राव ने उनका विधिवत स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने मंदिर में आयोजित लेज़र शो का अवलोकन कर उसकी सराहना की। इसके पश्चात राष्ट्रपति ने गर्भगृह में पहुंचकर श्रीराधा-कृष्ण के युगल विग्रह के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस दौरान सभा मंडप में 51 आश्रमवासियों की संकीर्तन मंडली द्वारा भक्ति-भाव से संकीर्तन एवं आरती गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर प्रबंधन की ओर से महामहिम राष्ट्रपति को श्रीराधाकृष्ण की मनमोहक स्मृति चिन्ह तथा कृपालु जी महाराज का साहित्य भेंट किया गया। राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने प्रसाद ग्रहण करने के उपरांत गर्भगृह के बाहर परिक्रमा भी की। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मु ने मंदिर के प्रथम तल पर स्थित श्रीमहाराज जी तथा श्रीसीताराम युगल विग्रह के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और वहां भी परिक्रमा लगाई। राष्ट्रपति के इस आध्यात्मिक दौरे ने न केवल प्रेम मंदिर की गरिमा को बढ़ाया, बल्कि वृंदावन की भक्ति परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी।