वृन्दावन में मंदिर पर कब्जे की कोशिश ! पुजारी को धमकाकर बोले– “मंदिर छोड़कर चले जाओ”, तीन लोगों पर आरोप
16 March 2026, 13:57
1239 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
अनाज मंडी क्षेत्र स्थित आर्य समाज वेद मंदिर में जबरन कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। मंदिर में हवन कर रहे पुजारी को धमकाकर मंदिर खाली करने की बात कही गई। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है।
आर्य समाज वेद मंदिर निवासी रमेश चन्द्र भारद्वाज का आरोप है कि 14 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे वह मंदिर में विधि-विधान से हवन कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात पुरुष और एक महिला अचानक मंदिर परिसर में घुस आए। आरोप है कि तीनों लोगों ने मंदिर पर कब्जा करने के इरादे से जबरन अंदर प्रवेश किया और रमेश चन्द्र भारद्वाज से मंदिर छोड़कर चले जाने के लिए कहा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।