चैत्र नवरात्रि को लेकर कात्यायनी पीठ में दर्शन-पूजन का पूरा शेड्यूल जारी
15 March 2026, 23:03
901 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
श्री श्री कात्यायनी पीठ मंदिर में आगामी 19 मार्च से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि महोत्सव भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना एवं आरती की समय-सारिणी जारी कर दी गई है, जिससे श्रद्धालु सुचारू रूप से मां कात्यायनी के दर्शन और पूजा में भाग ले सकें।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन प्रातः और सायंकालीन बेला में विशेष आरतियां और पूजा-अर्चना संपन्न होगी। प्रातःकालीन कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 7:30 बजे श्रृंगार आरती, 11:45 बजे गुरु मंदिर में भोग आरती, 12 बजे मैया मंदिर में भोग आरती होगी। वहीं सायंकालीन कार्यक्रम के अनुसार शाम 5 बजे मंदिर के कपाट दर्शन के लिए खुलेंगे, 7:30 बजे मैया मंदिर में संध्या आरती, 8:30 बजे गुरु मंदिर में आरती, 9 बजे मैया मंदिर में शयन आरती आयोजित की जाएगी। नवरात्रि के दौरान सबसे महत्वपूर्ण संधि पूजा एवं विशेष आरती 26 मार्च (गुरुवार) को दोपहर 2:06 बजे सम्पन्न होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्री श्री कात्यायनी पीठ मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाएगा और प्रतिदिन भक्तों के लिए दर्शन-पूजन की समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। ब्रज क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु इस अवसर पर मां कात्यायनी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।