बांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड कमेटी की 13वीं बैठक में विकास व व्यवस्थाओं पर कई अहम फैसलों पर मंथन
13 March 2026, 06:49
705 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 13वीं बैठक गुरुवार को वृन्दावन के लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एवं कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने की। बैठक में मंदिर के विकास, सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन और विभिन्न धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंदिर परिसर में 357 वर्ग गज के अर्द्धनिर्मित स्थल को पूर्ण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत आगणन पर विचार किया गया। इसके साथ ही मंदिर में पूर्व निर्मित हॉल के सौन्दर्याकरण के लिए लगभग 760.39 लाख रुपये की प्रस्तावित योजना पर भी चर्चा हुई। विभिन्न मंदिरों के मरम्मत और जीर्णोद्धार के लिए भी प्रस्ताव रखे गए। इनमें राधाकुण्ड स्थित कुंज बिहारी मंदिर (27.02 लाख), बवनपुरी हनुमान मंदिर (20.33 लाख), मोहन बाग (44.28 लाख) और स्नेह बिहारी मंदिर के सामने स्थित शिवालय (21.50 लाख) के मरम्मत कार्यों के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। बैठक में निधिवन क्षेत्र में लताओं, पौधों और वृक्षों के संरक्षण के लिए नगर निगम द्वारा मीठे पानी की पाइपलाइन की व्यवस्था तथा ललिता कुंड से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। साथ ही वृन्दावन में ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था, मंदिर के आसपास दुकानों में खाद्य सामग्री की सैंपलिंग, मंदिर सेवायतों के सहयोगियों का चरित्र सत्यापन तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी समीक्षा की गई। बैठक में मंदिर की गुल्लक गणना के दौरान केनरा बैंक के एक अधिकारी द्वारा की गई चोरी के मामले तथा निधिवन में हुई घटना से संबंधित दर्ज एफआईआर की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त आयकर अधिनियम की धारा 80G के अंतर्गत मंदिर को प्राप्त दान पर आयकर छूट की प्रक्रिया, बैनामों के अनुमोदन, टीडीएस संबंधी विषय और मंदिर की अनुपयोगी वस्तुओं के मूल्यांकन कर नीलामी प्रक्रिया तय करने के मुद्दों पर भी विचार किया गया। बैठक में मंदिर की धनराशि विभिन्न बैंकों में स्थानांतरण, एफडी पर अधिक ब्याज दर, विदेशी मुद्रा के विवरण और बैंक लॉकर में मंदिर की वस्तुओं को सुरक्षित रखने की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/ सदस्य मुकेश मिश्रा, मुंसिफ / सिविल जज मथुरा/ सदस्य सत्यप्रकाश नारायण तिवारी, जिला मजिस्ट्रेट/ सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम/ सदस्य जग प्रवेश, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन, राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी एवं श्रीवर्धन गोस्वामी, शयनभोग समूह से दिनेश कुमार गोस्वामी एवं विजय कृष्ण गोस्वामी उपस्थित रहे।