गऊ घाट पर मोबाइल दुकान में घुसकर अंकित पर जानलेवा हमला
7 March 2026, 10:10
762 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
परिक्रमा मार्ग स्थित गऊ घाट क्षेत्र में मोबाइल की दुकान चलाने वाले युवक पर दबंगों द्वारा दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि गऊ घाट पर अर्पित खंडेलवाल व उसका भाई अंकित मोबाइल की दुकान करते हैं। आरोप है कि बीती 28 फरवरी की रात करीब पौने दस बजे अंकित दुकान पर मोबाइल रिपेयर कर रहा था, तभी अचानक रोहित, पुष्पेन्द्र और पवन अपने एक अज्ञात साथी के साथ दुकान में घुस आए और अंकित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने अंकित को जान से मारने की नियत से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दुकान में रखे सामान में भी तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो पुलिस जांच में अहम साक्ष्य बन सकती है।
थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि अर्पित खंडेलवाल की तहरीर के आधार पर रोहित, पुष्पेन्द्र, पवन समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच महिला एसआई आँचल को सौंप दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।