हुरियारिनों की लाठियों से गूंजा दाऊजी मंदिर, प्राचीन हुरंगे में उमड़ा भक्ति और प्रेम का सैलाब
5 March 2026, 17:41
1099 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
अनाज मंडी स्थित प्राचीन बड़े दाऊजी मंदिर में आयोजित परंपरागत हुरंगे ने ब्रज की प्रसिद्ध लठमार होली की यादें ताजा कर दीं। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, उत्साह और प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला। हुरंगे का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हुरंगे का मुख्य आकर्षण हुरियारिनों द्वारा बरसाई गई प्रेम भरी लाठियां रहीं। जैसे ही पारंपरिक वेशभूषा में सजी हुरियारिनों ने हाथों में लाठियां संभालीं, पूरा परिसर “दाऊजी महाराज की जय” के जयकारों से गूंज उठा। दूसरी ओर हुरियारों ने ढालों के सहारे इन प्रेम रूपी प्रहारों को हंसी-खुशी झेला। लाठियों की गूंज और ढालों की टकराहट के बीच ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ब्रज की लठमार होली सजीव हो उठी हो। लाठियों की गूंज के बीच वातावरण इतना भक्तिमय हो गया कि मानो स्वयं दाऊजी महाराज और रेवती जी इस उत्सव का आनंद ले रहे हों। मान्यता है कि ब्रज के अधिपति दाऊजी महाराज की कृपा के बिना होली का आनंद अधूरा माना जाता है। यह अत्यंत प्राचीन हुरंगा है, जिसमें गोविंद घेरा के क्षत्रिय समाज के लोग पारंपरिक रूप से भाग लेते हैं। हुरंगे के पश्चात दाऊजी महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। चांदी के रथ और पालकी में विराजमान होकर प्रभु नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर पुराना बजाजा, बनखंडी महादेव, लोई बाजार और रेतिया बाजार से होते हुए ठाकुर श्री गोविंद देव मंदिर पहुंची, जहां जयकारों के साथ उत्सव का समापन हुआ। शोभायात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर दाऊजी महाराज का स्वागत किया। कार्यक्रम में विष्णु गोपाल गोस्वामी, धीरज गोस्वामी, अनंत गोस्वामी, जगन्नाथ पोद्दार, हेमंत भारद्वाज, राजेश अग्रवाल, जितेंद्र सिंह सिसोदिया और श्याम सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।