रंगभरनी एकादशी पर वृन्दावन में उमड़ेगा आस्था का सागर, लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट
22 February 2026, 15:53
810 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
रंगभरनी एकादशी के मौके पर लाखों श्रद्धालुओं के वृन्दावन पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में रविवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और परिक्रमा की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त कर ली जाएं।
रंगभरनी एकादशी के दौरान विशेष रूप से बांके बिहारी मंदिर में खेले जाने वाले रंग- गुलाल को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मंदिर प्रशासन और सेवायतों को निर्देशित किया कि गुलाल के कारण किसी प्रकार की सफोकेशन अर्थात घुटन की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। बैठक में परिक्रमा मार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। तीर्थ विकास परिषद, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग और विप्रा के अधिकारियों के साथ मंदिरों के सेवायत भी बैठक में उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि रंगभरनी एकादशी वृन्दावन का प्रमुख धार्मिक पर्व है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में आते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करें। गौरतलब है कि रंगभरनी एकादशी से ही वृन्दावन में होली उत्सव की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भगवान को गुलाल अर्पित किया जाता है और पूरा धाम भक्ति और रंगों की छटा से सराबोर हो उठता है। प्रशासन का लक्ष्य इसे सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाना है।