मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के वृन्दावन जोन में आने वाले वार्ड संख्या 50 स्थित चरखारी कुंज इलाके में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीय निवासियों का सब्र टूट गया। समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर वृन्दावन स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वृन्दावन जोन के अंतर्गत आने वाले चरखारी कुंज क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है और जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। यही कारण है कि हल्की बारिश होते ही सड़कों पर पानी भर जाता है। जलभराव से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं गंदे पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने वृन्दावन जोन के सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जलभराव की समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और क्षेत्र में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विरोध प्रदर्शन में उमाशंकर, दीपा देवी, प्रकाशी, संजीत, सुनीता देवी, गंगा देवी, पूजा, पूनम, बृजेश, गोपाल, डब्बू, गुड़िया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल रहे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि नगर निगम वृन्दावन जोन ने अब भी लापरवाही बरती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।