होली से पहले बांके बिहारी मंदिर में बड़े फैसले, हाई पावर्ड कमेटी की बैठक में पुष्प सजावट व दर्शन व्यवस्था पर मंथन
17 February 2026, 23:00
686 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की द्वादशम् बैठक न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इलाहाबाद उच्च न्यायालय अशोक कुमार की अध्यक्षता में लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर के प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता और होली उत्सव से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
होली के अवसर पर ठाकुर श्री बांके बिहारी जी को जगमोहन में विराजमान कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया, जिससे श्रद्धालुओं के सुचारु दर्शन सुनिश्चित किए जा सकें। मंदिर प्रांगण में फाल्गुन होली उत्सव के दौरान भव्य पुष्प सजावट कराने पर भी चर्चा हुई। 3 मार्च को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण के मद्देनज़र मंदिर की परिवर्तित दर्शन समय-सारिणी जारी करने पर निर्णय लिया गया। मंदिर की ओर से पूर्व की भांति व्रतोत्सव निर्णय पत्र छपवाने पर विचार-विमर्श किया गया, जिससे होली व अन्य पर्वों के नियम स्पष्ट रहें। मंदिर परिसर की सफाई व्यवस्था संभालने वाली संस्था पीएलएन०-9 सिक्योरिटी सर्विस द्वारा जीएसटी जमा न करने के कारण उसे कार्य से हटाने संबंधी कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा हुई। सभी सेवायतों से संबद्ध नौकरों व सहयोगियों के चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। मंदिर को दान की गई धनराशि पर आयकर नियम की धारा-80G के अंतर्गत छूट प्राप्त करने के संबंध में विचार-विमर्श हुआ। उपलब्ध अनुपयोगी वस्तुओं का मूल्यांकन कर नीलामी प्रक्रिया तय करने पर चर्चा की गई। मंदिर कार्यालय के अभिलेखों को सुव्यवस्थित व सुरक्षित रखने हेतु पवन गौतम सिंह के आवेदन पर विचार किया गया। बहुमूल्य वस्तुओं को पंजाब नेशनल बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए लॉकर में रखने की कार्यवाही की प्रगति पर चर्चा हुई। नियमित रूप से संचालित खातों भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक के अलावा अन्य बैंकों (बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, यूनियन बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, आईसीआईसीआई बैंक) में पूर्व से जमा धनराशि को आहरित कर इन चार बैंकों में जमा कराने अथवा उन्हीं बैंकों में खाता संचालन हेतु अधिकारी नामित करने पर विचार हुआ। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के पक्ष में लिए गए 7 बैनामों का अनुमोदन किया गया। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के भोग प्रसाद हेतु प्रतिदिन व्यय ₹22,300/- से अधिक करने पर विचार-विमर्श किया गया। मंदिर से निकलने वाले फूलों, तुलसी, मालाओं आदि के उचित निस्तारण पर चर्चा हुई। मंदिर के चबूतरे पर भेंट एवं किनका रसीद काउंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/सदस्य मुकेश मिश्रा, जिला जज मथुरा/सदस्य विकास कुमार, जिला मजिस्ट्रेट/सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम/सदस्य जग प्रवेश, उपाध्यक्ष मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन जी, राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी व श्रीवर्धन गोस्वामी, शयनभोग समूह से दिनेश कुमार गोस्वामी व विजय कृष्ण गोस्वामी (बब्बू) सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों से प्रशासनिक पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वहीं होली उत्सव के दौरान दर्शन, सजावट और समय-सारिणी से जुड़े निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देंगे।